उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन से एक बेहद भावुक और मार्मिक खबर सामने आई है। हरीश राणा को उनके घर से दिल्ली के एम्स अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है, जहां सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत उनके लिए पैसिव यूथेनेशिया (इच्छामृत्यु) की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
करीब 13 वर्षों से बिस्तर पर पड़े हरीश राणा के स्वस्थ होने की कोई उम्मीद न देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने एम्स की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर यह फैसला सुनाया। अदालत के आदेश के मुताबिक, एम्स के डॉक्टर सम्मानजनक तरीके से उनके जीवन के अंतिम चरण की प्रक्रिया पूरी करेंगे। इसके तहत उन्हें धीरे-धीरे जीवनरक्षक उपकरणों से अलग किया जाएगा।
राजनगर एक्सटेंशन स्थित घर से जब हरीश राणा को विदा किया गया, तो माहौल बेहद भावुक हो गया। सामने आए वीडियो में परिजन उन्हें आखिरी विदाई देते नजर आ रहे हैं। इस दौरान परिवार के लोग उनसे सबको माफ करने और अगर किसी से कोई गलती हुई हो तो माफी मांगते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह दृश्य देखने वालों की आंखें नम कर रहा है।