इंदौर। प्रदेश की वाणिज्यिक राजधानी इंदौर से सटे पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सेक्टर-2 स्थित रामकी एनवायरो कंपनी में एक के बाद एक तीन जोरदार धमाके हुए। विस्फोट इतने शक्तिशाली थे कि उनकी गूंज करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के गांवों में दहशत फैल गई।
धमाकों का असर तारपुरा और बजरंगपुरा जैसे नजदीकी ग्रामीण इलाकों तक महसूस किया गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कंपन इतना तेज था कि घरों में रखे बर्तन और टीवी तक हिलकर गिर गए। कई लोगों ने इस घटना को भूकंप जैसे झटकों के रूप में महसूस किया।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। राहत की बात यह रही कि प्रारंभिक जानकारी में किसी प्रकार की जनहानि या घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है।
सीएसपी रवि सोनेर ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और धमाकों के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं थाना प्रभारी ओम प्रकाश अहीर ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंच गया था और फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
कंपनी प्रबंधन ने भी किसी प्रकार की जनहानि से इंकार किया है। फिलहाल पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच जारी है और सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
#indore #pithampur #ramkyenviroblast