3 Std - übersetzen

यूपी कैबिनेट में 24 प्रस्ताव मंजूर, 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को आजीवन मुफ्त बस यात्रा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसलों को मंजूरी दी गई. बैठक में कुल 24 प्रस्तावों पर मुहर लगी. इनमें परिवहन, स्वास्थ्य, निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर और जनकल्याण से जुड़े फैसले शामिल हैं. सरकार के सबसे बड़े फैसलों में 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में आजीवन मुफ्त यात्रा की सुविधा देना शामिल है. परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि कैबिनेट ने 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. इसके तहत प्रदेश की 60 साल से अधिक उम्र की महिलाएं उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में आजीवन मुफ्त यात्रा कर सकेंगी. इस फैसले का लाभ करीब एक करोड़ से अधिक महिलाओं को मिलने की बात कही गई है. सरकार ने इस योजना को ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना’ नाम दिया है. योजना का उद्देश्य बुजुर्ग महिलाओं को यात्रा में आर्थिक राहत देना और उन्हें अपने परिवार, रिश्तेदारों तथा जरूरी कामों के लिए आसानी से एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने की सुविधा देना है.
.

image