हरियाणा ने खिलाड़ियों पर बरसाया 189 करोड़ का सम्मान, नीरू ढांडा को 7.50 करोड़
132 खिलाड़ियों को मिले पुरस्कार, भीम स्टेडियम के विकास के लिए 50 करोड़ की घोषणा
दो स्वर्ण पदक जीतने वाली पैरा शूटर मोना अग्रवाल का नाम सम्मान सूची से गायब
खेलपथ संवाद
भिवानी। हरियाणा ने एशियन और पैरा एशियन गेम्स में पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले अपने खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए खजाना खोल दिया। शुक्रवार को भिवानी में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 132 खिलाड़ियों को लगभग 189 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि के चेक प्रदान किए। शूटिंग खिलाड़ी नीरू ढांडा को सर्वाधिक 7.50 करोड़ रुपये तथा एथलेटिक्स खिलाड़ी किरण पहल को 4.50 करोड़ रुपये की सम्मान राशि दी गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश का खेल कैलेंडर भी जारी किया और भिवानी के ऐतिहासिक भीम स्टेडियम के विकास के लिए 50 करोड़ रुपये देने की घोषणा की।