3 horas - Traduzir

सनातन हिन्दू संस्कृति में सूर्योपासना (भाग - 2)
जड़ में भी चेतनता का अनुभव करानेवाला दर्शन संपूर्ण विश्व में केवल भारतीय दर्शन में ही दृष्टिगोचर होता है। ईश्वर के सत्-चित्त-आनंदस्वरूप को समझने में सामान्य मानव अक्षम रहता है। अतः सर्वसाधारण को पिण्डों , वस्तुओं , वृक्षों , नदियों के माध्यम से प्रभु का साक्षात्कार कराने की विधि का प्रचलन प्रारंभ हुआ।
सनातनी आस्तिक हिंदुओं के परम आराध्य पंचदेव हैं - भगवान सूर्य , भगवान विष्णु , भगवान शिव , भगवती शक्ति तथा भगवान गणेश। पंचदेव-उपासना में भगवान सूर्य का विशिष्ट स्थान है। विश्व के कण-कण में स्पंदित , लोकमंगल के अधिष्ठाता तथा भूत - वर्तमान - भविष्य के प्रणेता भगवान अंशुमाली (सूर्य) न केवल भारत के धर्म साधना में अपितु संपूर्ण लोक मानस में अति प्राचीन काल से ही श्रद्धा एवं पूजा-अर्चना के केंद्र रहे हैं। भगवान सूर्य के उपासक सौर कहलाते हैं।
भगवान सूर्य परमात्मा नारायण के साक्षात् प्रतीक हैं। इसलिए वे सूर्यनारायण कहलाते हैं। सूर्य से ही समस्त प्राणियों की उत्पत्ति होती है , पालन होता है और उन्हीं में विलय हो जाता है। अतः सूर्योपनिषद में कहा गया है -
सूर्याद् भवन्ति भूतानि सूर्येण पालितानि तु।
सूर्ये लयं प्राप्नुवन्ति य: सूर्य: सोऽहमेव च।।
प्रातः काल सूर्य के उदय होने पर जो प्रकाश तथा ऊष्मा प्राप्त होती है , वह सूर्य देव का भौतिक तत्त्व है , लेकिन सूर्योदय के कारण मानव में जिस उमंग , उत्साह एवं स्फूर्ति का संचार होता है , वह सूर्यदेव का आध्यात्मिक तत्त्व है। इसका कारण यह है कि भारतीय संस्कृति में सूर्य को ऊर्जा का अक्षय स्रोत माना गया है। अतः अपने यहां वैदिक काल से ही सूर्य-उपासना व्यापक रूप से प्रचलित रही है।
सूर्योपासना के दो त्योहार भारत में धूमधाम से मनाए जाते हैं - मकर संक्रांति उत्सव तथा छठ पर्व। बिहार में सूर्योपासना " छठ " व्रत के रूप में की जाती है। ' छठ ' शब्द संस्कृत के तत्सम शब्द ' षष्ठ ' का तद्भव रूप है। जैसे - अग्नि का तद्भव रूप हिंदी में आग है।
व्रत में संकल्प के साथ नियमावली होती है , जिसका पालन करना बहुत ही जरूरी होता है। उपवास में साधारणतः अन्न का त्याग होता है तथा परमात्मा का चिंतन होता है। इस दृष्टि से व्रत एवं उपवास दोनों का समन्वित रूप है - छठ पर्व।
छठ " षष्ठी तिथि " को मनाई जाती है। षष्ठी का हिंदी में तद्भव रूप है - छठी। पुराणों के अनुसार इस तिथि को माता षष्ठी (छठी मैया) की भी आराधना की जाती है।
सूर्य की रश्मियों में छ: अप्रतिम शक्तियां विद्यमान होती हैं - दहनी (जलने वाली) , पचनी (पाचन क्रिया करनेवाली) , धूम्रा (लोहित करने वाली) , कर्षिनी (आकर्षण करने वाली) , वर्षिनी (वर्षा करने वाली) तथा रसा ( रस प्रदान करने वाली)। भगवान सूर्य की यह छह शक्तियां ही " छठी मैया " कहलाती हैं।
यह लोक-पर्व स्वच्छता को पवित्रता तक ले जाने में सहायक होती है। स्नान से शरीर शुद्धि होती है। शरीर के शुद्ध होने से आलस्य , भारीपन और थकान दूर होती है , जिससे शरीर में नई ऊर्जा एवं स्फूर्ति आती है। शुद्ध व स्वच्छ तन में शुद्ध मन का आवास होता है। मन से अंतःकरण की पवित्रता होती है। " नहाय - खाय " यह संदेश देता है कि आहार (भोजन) के पहले शरीर शुद्धि बहुत ही आवश्यक होता है एवं आहार भी सात्त्विक (सरल एवं सुपाच्य) होना चाहिए।
छान्दोग्य उपनिषद में कहा गया है -
आहारशुद्धौ सत्त्वशुद्धि : सत्त्वशुद्धौ ध्रुवा स्मृति:।
आहार की शुद्धि से सात्त्विक गुणों का संस्कार बनता है , जिससे अंतःकरण की शुद्धि होती है। अंतःकरण के शुद्ध होने पर भगवान की अखंड निश्चल स्मृति होने लगती है।
जो भगवान श्री नारायण के साकार विग्रह - सूर्य देव की उपासना करते हैं , उन्हें मनोवांछित फल प्राप्त होता है। उपासक के सम्मुख प्रकट होकर भगवान सूर्य देव उसकी मनोकामना पूरी करते हैं। सूर्यदेव की कृपा से मनुष्य के मानसिक , वाचिक तथा शारीरिक सभी पाप नष्ट हो जाते हैं।
ब्रह्मपुराण में वर्णित है -
मानसं वाचिकं वापि कायजं यच्च दुष्कृतम्।
सर्वं सूर्यप्रसादेन तदशेषं व्यपोहति।।
मिथिलेश ओझा की ओर से आपको नमन एवं वंदन।
।। भगवान सूर्य तथा भगवती छठी मैया की जय ।।

image