5 часы - перевести

ब्रेकअप से नाराज युवती ने प्रेमी को उतारा मौत के घाट
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में प्यार और धोखे के शक ने एक खूनी अंजाम ले लिया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रहने वाले कामता प्रसाद सूर्यवंशी की उसकी ही पूर्व प्रेमिका रोशनी सूर्यवंशी ने चाकू मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच हाल ही में ब्रेकअप हुआ था, जिससे रोशनी काफी गुस्से में थी। कामता ने उसे कॉल और मैसेज पर ब्लॉक कर दिया था, जिसने आग में घी का काम किया।
रोशनी को शक था कि कामता किसी दूसरी लड़की के करीब जा रहा है। इसी बात का हिसाब करने वह मंगलवार सुबह चाकू लेकर उसके घर पहुँच गई। दरवाजा खुलते ही दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हुई और देखते ही देखते रोशनी ने आपा खोकर कामता के सीने पर ताबड़तोड़ वार कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और रूम पार्टनर मौके पर पहुँचे। लहूलुहान हालत में कामता को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक भाजपा नेता व जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी का भांजा था और शहर के एक होटल में काम करता था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जाँच जारी है।

image