गौतमबुद्ध नगर में गैस की किल्लत नहीं होने के दावे करने वाले अधिकारियों को इस खबर पर गौर करने की जरूरत है। बीटा दो कोतवाली क्षेत्र में सेक्टर बीटा दो के एफ 78 मकान से मंगलवार दोपहर दो बजे बाइक सवार बदमाश दो गैस सिलिंडर उठा कर फरार हो गए।
मकान मालिक प्रदीप सजवाण एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। घटना के समय वह ड्यूटी पर थे, पत्नी किसी काम से बाहर गई थी। घर पर दो नाबालिग बच्चे थे।
हेलमेट और मुंह पर कपड़ा बांध कर एजेंसी कर्मी बन कर पहुंचे बदमाश सिलिंडर की जांच के नाम पर किचन तक पहुंचे। बच्चों ने विरोध किया तो बोले कि आपके पापा ने ही भेजा है।
एक नंबर पर कॉल कर उनके पापा की आवाज में बच्चों से बात भी करा दी। इसके बाद किचन में रखा एक भरा और दूसरा चूल्हे में रखा सिलिंडर उठा ले गए। ड्यूटी पर घर पहुंचे प्रदीप को बच्चों ने घटना बताई।
पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार का कहना है कि घटना संज्ञान में है। आसपास के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
#uttarpradesh #noida #lpgcylinder