गुरुग्राम। खेड़कीदौला थाना क्षेत्र के रामपुरा इलाके में एक बेहद क्रूर और विचित्र हत्या का मामला सामने आया है। दो सहकर्मियों के बीच हंसी-मजाक होते-होते झगड़ा होने लगा। विवाद इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति ने अपने सहकर्मी के प्राइवेट पार्ट में कंप्रेशर से हवा भर दी। इससे पीड़ित की आंतें फट गईं और उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान 40 वर्षीय हरविंदर सिंह के रूप में हुई है, जो मूलत: अलीगढ़ जिले के शाहगढ़ गांव का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात रामपुरा इलाके में दोनों सहकर्मी काम कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच हंसी-मजाक शुरू हुआ, जो बाद में झगड़े में बदल गया।
गुस्से में आरोपी ने कंप्रेशर का नोजल हरविंदर के प्राइवेट पार्ट में डालकर हवा भर दी। अत्यधिक दबाव से पीड़ित के पेट में हवा भर गई और उसकी आंतें फट गईं। गंभीर हालत में हरविंदर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना खेड़कीदौला पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
#gurugram #aircompressor