8 uur - Vertalen

हापुड़: पिलखुवा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मोदीनगर रोड स्थित एक कपड़ा फैक्ट्री के पास झुग्गी बस्ती में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 70 झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया।

सुबह करीब नौ बजे लगी इस आग ने पूरे इलाके को धुएं के गुबार में ढक दिया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। झुग्गियों में प्लास्टिक, पॉलिथीन व कबाड़ जैसी ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और पास स्थित गायत्री लाजिस्टिक ट्रांसपोर्ट, यूनाइटेड ट्रांसपोर्ट तथा एक जींस सिलाई फैक्ट्री तक पहुंच गई।

गोदामों में रखा भारी मात्रा में माल भी आग की भेंट चढ़ गया। बताया गया कि एक गोदाम में करीब 800 और दूसरे में लगभग 250 गांठ माल रखा था, जो पूरी तरह जल गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई।

करीब आठ दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटी रहीं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से झुग्गियों में रह रहे परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला। क्षेत्राधिकारी अनीता चौहान ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की।

प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस अग्निकांड में लाखो रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका है। हालांकि अभी वास्तविक क्षति का आकलन किया जा रहा है। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों की जांच जारी है।

#hapur #fire #uttarpradesh #dainikjagran

image