साउथ सिनेमा के स्टार प्रकाश राज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कड़े आलोचकों में से एक हैं। वो उन लोगों की लिस्ट में अक्सर पहले नंबर पर हैं जो पीएम मोदी के फैसलों, भाषणों और उनके काम में खामियां निकालते हैं। प्रकाश राज अक्सर अपने विचार ट्विटर पर शेयर करते हैं। हालांकि, इसे लेकर वो ट्रोलर भी खूब होते हैं। अब पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3 रुपये की बढ़ोतरी के बीच एक बार फिर से प्रकाश राज 'एक्स' यानी ट्विटर पर उतरे और वो जमकर लोगों के निशाने पर भी आ गए हैं।
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की खबरों के बीच, प्रकाश राज ने नरेंद्र मोदी का एक पुराना भाषण शेयर किया है। इस भाषण में वे बीजेपी की तारीफ कर रहे हैं और महंगाई से निपटने के लिए सही पार्टी चुनने का श्रेय लोगों को देते दिख रहे हैं। अब प्रकाश राज ने वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट किया।
उन्होंने कैप्शन में लिखा, 'यह देश इस आदतन झूठ को कब तक बर्दाश्त करेगा?' उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 14 साल पुराना ट्वीट रीशेयर किया है, जिसमें लिखा है, 'पेट्रोल की कीमतों में भारी वृद्धि कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार की विफलता का एक अहम उदाहरण है। इससे गुजरात सरकार पर सैकड़ों करोड़ रुपये का बोझ पड़ेगा।' उन्होंने अपने भाषणों में कई बार पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को इस स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहराया। अब पीएम मोदी के इस ट्वीट को रीट्वीट करते हुए प्रकाश राज ने अपने ट्वीट के कैप्शन में लिखा, 'क्या आपका मतलब यही है कि नेहरू जी को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए? #justasking.'