12 часы - перевести

जंजीरों में सड़कों पर उतरे अभ्यर्थी... TRE-4 वैकेंसी की मांग पर पटना में बवाल, छात्र नेता रिंकल समेत 28 हिरासत में

BPSC TRE-4 वैकेंसी जारी करने की मांग को लेकर बुधवार को पटना की सड़कों पर अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। पटना यूनिवर्सिटी और पटना कॉलेज के मुख्य गेट के पास बड़ी संख्या में जुटे अभ्यर्थियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पहले से अलर्ट मोड में था और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। हालात उस समय और तनावपूर्ण हो गए जब प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही पुलिस ने छात्र नेताओं और अभ्यर्थियों को हिरासत में लेना शुरू कर दिया। इसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रदर्शन के दौरान कई अभ्यर्थी अपने शरीर पर जंजीरें बांधकर पहुंचे थे। वे सरकार से जल्द टीआरई-4 की वैकेंसी जारी करने की मांग कर रहे थे। इसी बीच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूर्व पीयू छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद के उम्मीदवार और तेजप्रताप यादव के समर्थक छात्र नेता रिंकल यादव को हिरासत में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस उन्हें घसीटते हुए गाड़ी तक ले गई। वहीं छात्र नेता खुशबू पाठक को भी कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने से पहले ही पकड़ लिया गया।

पुलिस कार्रवाई की जद में महिला अभ्यर्थी भी आईं। महिला पुलिसकर्मियों ने कई छात्राओं और महिला अभ्यर्थियों को जबरन पुलिस वाहनों में बैठाया। इस दौरान मौके पर काफी देर तक धक्का-मुक्की और नारेबाजी होती रही।

हंगामे का असर पटना यूनिवर्सिटी परिसर पर भी पड़ा। उस समय यूनिवर्सिटी और पटना कॉलेज में विभिन्न परीक्षाएं चल रही थीं। सुरक्षा कारणों से पटना कॉलेज के मुख्य गेट बंद कर दिए गए। बाहर पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच जारी खींचतान के कारण अशोक राजपथ पर लंबा जाम लग गया और यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई।

टाउन डीएसपी-1 ने बताया कि बिना अनुमति प्रदर्शन करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने के आरोप में कुल 28 लोगों को हिरासत में लिया गया। इनमें छात्र नेता रिंकल यादव समेत कई प्रमुख चेहरे शामिल थे। पुलिस का कहना है कि यूनिवर्सिटी परिसर में चल रही परीक्षाओं को बाधित होने से बचाने के लिए यह कार्रवाई की गई। हालांकि देर शाम सभी हिरासत में लिए गए अभ्यर्थियों और छात्र नेताओं को मुचलके पर रिहा कर दिया गया।

#biharwings #bihar #biharnews #bpsc #bpscexam #bpsctre #tre4 #bpscteacher #teacherrecruitment #teachervacancy #sarkarinaukri

image