दुनिया के सबसे बड़े रईस एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स की आज लिस्टिंग होगी। कंपनी के 75 अरब डॉलर के मेगा आईपीओ को निवेशकों ने हाथोंहाथ लिया है। केवल रिटेल पोर्शन को 70 अरब डॉलर की बिड मिल चुकी है। स्पेसएक्स की लिस्टिंग से पहले ही मस्क की नेटवर्थ में गुरुवार को 274 अरब डॉलर की उछाल आई जो गौतम अडानी और मुकेश अंबानी की कंबाइंड नेटवर्थ से ज्यादा है। इसके साथ ही वह 971 अरब डॉलर के साथ दुनिया के पहले ट्रिलिनेयर बनने के करीब पहुंच गए हैं।
माना जा रहा है कि स्पेसएक्स की लिस्टिंग से मस्क की नेटवर्थ 1.1 ट्रिलियन डॉलर पहुंच जाएगी। स्पेसएक्स में उनकी हिस्सेदारी की कीमत करीब 866 अरब डॉलर है। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के मुताबिक मस्क की नेटवर्थ में गुरुवार को 274 अरब डॉलर की तेजी आई। इस साल उनकी नेटवर्थ में 351 अरब डॉलर की तेजी आई है। नेटवर्थ के मामले में दूर-दूर तक कोई भी मस्क के आसपास नहीं है। गूगल के को-फाउंडर लैरी पेज 304 अरब डॉलर के साथ दुनिया के अमीरों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं।