रेवाड़ी हत्याकांड: पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर कराई पति की हत्या
हरियाणा के रेवाड़ी जिले में 21 वर्षीय मोनू की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, मोनू की पत्नी तन्नू ने अपने प्रेमी सोनू और उसके साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
आरोपियों ने पहले मोनू के मुंह और नाक को दबाकर उसे बेहोश किया, फिर हत्या को हादसा दिखाने के लिए शव को आसलवास नहर में फेंक दिया। शक न हो, इसलिए उसकी स्कूटी भी नहर किनारे खड़ी कर दी गई, जिससे मामला पहले आत्महत्या या हादसा माना गया।
जांच के दौरान पुलिस को पत्नी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने पत्नी तन्नू और प्रेमी के साथी हरिओम को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी सोनू की तलाश जारी है।
मोनू दो बहनों का इकलौता भाई था और निजी कंपनी में नौकरी करता था। करीब तीन साल पहले उसकी शादी हुई थी, लेकिन परिवार के अनुसार तन्नू बहुत कम समय ससुराल में रही।
डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।