बिहार की राजधानी पटना में गंगा नदी खतरे के निशान से काफी ऊपर बह रही है, जिससे दीघा और गांधी घाट समेत विभिन्न घाटों और उसके आसपास के इलाकों में बाढ़ का संकट मंडराने लगा है। मरीन ड्राइव यानी जेपी गंगा पथ पर स्थित कृष्णा घाट की सीढ़ियों समेत कई महत्वपूर्ण आधारभूत संरचनाएं पानी की जद में आ चुकी हैं।
आपदा प्रबंधन विभाग ने गंगा के बढ़ते जलस्तर को लेकर अलर्ट जारी किया है। पटना में गांधी घाट खतरे से 1.76 मीटर ऊपर जलस्तर रिकॉर्ड किया गया। वहीं दीघा घाट खतरे से 1.68 मीटर ऊपर है। हालात 2016 की भीषण बाढ़ जैसे नजर आ रहे हैं। गंगा के इस रौद्र रूप से पूरा दियारा इलाका पानी में डूब गया है और निचले इलाकों में स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। यद्यपि मुख्य शहरी क्षेत्रों में अभी तक पानी नहीं घुसा है, लेकिन तटीय और निचले हिस्सों के लोगों की मुश्किलें चरम पर हैं।