2 hrs - Translate

अफेयर के शक में हैवानियत की हदें पार! अस्पताल से उठाए दो युवक, जंगल में निर्वस्त्र कर जबरन नचाया
महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार, दो फरार; पुलिस ने महज दो घंटे में दोनों युवकों को जंगल से छुड़ाया, मारपीट का वीडियो बनाने का भी आरोप
**संवाददाता: भैरू लाल माली देवली टोंक**
**डूंगरपुर।** महिला से प्रेम संबंध होने के शक ने ऐसी रंजिश का रूप ले लिया कि दो युवकों को अस्पताल से अगवा कर जंगल में उनके साथ कथित तौर पर अमानवीय हरकतें की गईं। आरोपियों ने दोनों युवकों को निर्वस्त्र कर गानों पर जबरन डांस करवाया और उनके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया। डूंगरपुर में सामने आई इस वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी।
कोतवाली पुलिस के अनुसार, जिला चिकित्सालय के आपातकालीन वार्ड से दो युवकों के अपहरण की शिकायत मिलने के बाद तत्काल तलाश अभियान शुरू किया गया। एक युवक के पैर में चोट लगने से खून निकल रहा था और वह अपने पिता तथा पड़ोसी के साथ पट्टी करवाने अस्पताल पहुंचा था। इसी दौरान पिता को फोन पर सूचना मिली कि कुछ युवक उनके बेटे और उसके पड़ोसी के साथ मारपीट कर उन्हें अगवा कर ले गए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी। करीब दो घंटे के भीतर पुलिस ने कांकरादरा के जंगल से दोनों अपहृत युवकों को सुरक्षित छुड़ा लिया। मामले में अर्जुन डामोर निवासी वागदरी और टीना मीणा निवासी भंडारिया को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली है, जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हुए दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस पूछताछ में प्रारंभिक तौर पर सामने आया कि आरोपियों को दोनों युवकों में से किसी एक का किसी महिला के साथ प्रेम संबंध होने का शक था। इसी रंजिश के चलते आरोपी अपने साथियों के साथ जिला चिकित्सालय पहुंचे और दोनों युवकों के साथ मारपीट कर उन्हें जबरन कार में बैठाकर ले गए। इसके बाद कांकरादरा के जंगल में उनके कपड़े उतरवाकर गानों पर नचाने और मारपीट करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने इस दौरान वीडियो भी बनाया।
मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दोनों युवकों को समय रहते सुरक्षित छुड़ा लिया गया। अब पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक भंवर सिंह, सहायक उपनिरीक्षक दिलीप सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।

image