5 uur - Vertalen

रीवा में दर्दनाक हादसा: प्रेमी से मिलने आधी रात खेत पहुंची 19 वर्षीय युवती, बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत रीवा जिले के जवा थाना क्षेत्र के परसिया गांव में एक दर्दनाक हादसे ने सबको झकझोर दिया। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे प्रेमी से मिलने खेत पहुंची 19 वर्षीय युवती की करंट लगने से मौत हो गई। खेत की लोहे की तारों से बनी फेंसिंग में करंट दौड़ रहा था। युवती जैसे ही बाड़ी पार करने लगी, करंट की चपेट में आ गई और मौके पर ही दम तोड़ दिया। जानकारी के मुताबिक, युवती का दूसरे गांव में रहने वाले 19 वर्षीय युवक से प्रेम प्रसंग था। दोनों ने मिलने का समय तय किया था। प्रेमी करीब 2 किलोमीटर की दूरी तय कर खेत में पहुंचा था, जबकि युवती अपने घर से करीब 500 मीटर दूर खेत की ओर निकली थी। खेत में प्रवेश करने के लिए युवती ने लोहे की तारों से बनी बाड़ी पार करने की कोशिश की। इसी दौरान वह बिजली के करंट की चपेट में आ गई। युवती की आंखों के सामने मौत होने से घबराए युवक ने तत्काल उसके भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। वहां युवती का शव देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जवा थाना के एएसआई अखिलेश्वर सिंह के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 5 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली थी। प्रारंभिक पूछताछ में प्रेम प्रसंग की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने खेत मालिक के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि यदि मृतका के परिजन युवक के खिलाफ भी आरोप लगाते हैं, तो उस पहलू पर भी कार्रवाई की जाएगी। एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। खेतों की फेंसिंग में अवैध या असुरक्षित तरीके से करंट छोड़ना किसी की जान के लिए खतरा बन सकता है।

image