15 horas - Traduzir

*योगवासिष्ठ (मुमुक्षुव्यवहार प्रकरण, सर्ग 5-6 में महर्षि वसिष्ठ युवा श्रीराम को दैव (भाग्य) और पुरुषार्थ (मनुष्य के प्रयत्न) का रहस्य बताते हैं।*
गुरु वसिष्ठ उन्हें कहते हैं कि 'भाग्य' कुछ और नहीं, बल्कि हमारे ही पूर्वजन्मों में किए गए 'पुरुषार्थ' (कर्मों) का फल है।
"जो मनुष्य जैसा प्रयत्न करता है वह वैसा ही फल पता है। पूर्व जन्म का स्व-कर्म ही दैव कहलाता है। उस से अतिरिक्त दैव कुछ भी नहीं है।
*यथा संयतते येन तथा तेनानुभूयते ।*
*स्वकर्मैवेति चास्तेऽन्या व्यतिरिक्ता न दैवदृक् ॥३॥* (सर्ग ५)
वर्तमान के सही पुरुषार्थ (प्रयत्न) से पुराने बुरे संस्कारों को भी बदला जा सकता है।
इसी क्रम में वसिष्ठ जी श्रीराम को कहते हैं कि केवल अंधाधुंध प्रयत्न करना काफी नहीं है। पुरुषार्थ दो तरह का होता है— धर्मानुकूल (शास्त्रानुकूल) और धर्म-विरुद्ध (शास्त्र-विरुद्ध )। यदि व्यक्ति अहंकार या लालच में आकर धर्म के विरुद्ध कर्म करता है, तो वह उसका विनाश करता है।
"पुरुषार्थ दो प्रकार का माना गया है— शास्त्र-विरुद्ध और शास्त्रानुकूल। शास्त्र-विरुद्ध अनर्थ का कारण है और शास्त्रानुकूल परमार्थ (परम हित, कल्याण) का कारण है।
*उच्छास्त्रं शास्त्रितं चेति द्विविधं पौरुषं स्मृतम् ।*
*तत्रोच्छास्त्रमनर्थाय परमार्थाय शास्त्रितम् ॥४॥* (सर्ग ५)
दो मेढ़ों की तरह कहीं पर सम (बराबर) और कहीं पर असम बल से प्राक्तन (पूर्व पुरुषार्थ) और ऐहिक (वर्तमान पुरुषार्थ) आपस में लड़ते हैं। उनमें जो अल्पवीर्य (निर्बल) वाला होता है, वही शांत हो जाता है (पराजित या नष्ट हो जाता है)।
*द्वौ हुडाविव युध्येते पुरुषार्थौ समासमौ ।*
*प्राक्तनश्चैहिकश्चैव शाम्यत्यत्राल्पवीर्यवान् ॥५॥* (सर्ग ५)
इसलिए पुरुष को शास्त्रीय प्रयत्न के हर उचित उपाय से, सज्जन महात्माओं के सत्संग के द्वारा उद्योग करना चाहिए जिससे कि वर्तमान पुरुषार्थ पूर्व के पुरुषार्थ से शीघ्र विजयी हो जाए।
*अतः पुरुषयत्नेन यतितव्यं यथा तथा ।*
*पुंसा तन्त्रेण सद्योगाद्येनाश्वद्यतनो जयेत् ॥६॥* (सर्ग ५)
जब तक अशुभ प्राक्तन (पूर्व पुरुषार्थ) स्वयं शांत नहीं हो जाता, तब तक अच्छे पुरुषार्थ से निरंतर प्रयत्न करते रहना चाहिए।
*तावत्तावत्प्रयत्नेन यतितव्यं सुपौरुषम् ।*
*प्राक्तनं पौरुषं यावदशुभं शाम्यति स्वयम् ॥११॥* (सर्ग ५)

image