3 horas - Traduzir

आज प्रातः अत्यंत व्यथीत कर देने वाला समाचार प्राप्त हुआ कि सनातन संस्कृति के जाज्वल्यमान नक्षत्र, महान तपस्वी, वेदांत के प्रकाण्ड विद्वान, अनन्तश्री विभूषित निर्वाण पीठाधीश्वर आचार्य महामण्डलेश्वर राजगुरु पूज्य स्वामी विशोकानंद भारती जी महाराज आज अपनी नश्वर देह का त्याग कर ब्रह्मलीन हो गए हैं। उनका महाप्रयाण संपूर्ण संत समाज और सनातन जगत के लिए एक ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
पूज्य स्वामी जी का संपूर्ण जीवन त्याग, तपस्या, ज्ञान और लोककल्याण का जीवंत उदाहरण रहा। उन्होंने अपनी ओजस्वी वाणी, गहन आध्यात्मिक साधना और अद्वितीय पांडित्य के माध्यम से सनातन धर्म के शाश्वत मूल्यों का संरक्षण और संवर्धन किया। समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने और भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा को जन-जन तक पहुँचाने में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
व्यक्तिगत रूप से मेरे और सम्पूर्ण वात्सल्य परिवार के लिए यह क्षण अत्यंत पीड़ादायक है। पूज्य स्वामी जी का 'परमशक्ति पीठ' और 'वात्सल्य ग्राम' से अत्यंत आत्मीय लगाव था। वे सदैव वात्सल्य ग्राम के सेवा प्रकल्पों और मातृशक्ति व बच्चों के उत्थान के कार्यों की सराहना करते थे। उनका वात्सल्यपूर्ण स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद हमें निरंतर समाज सेवा के पथ पर आगे बढ़ने की ऊर्जा प्रदान करता रहा। आज वात्सल्य ग्राम ने अपना एक सच्चा अभिभावक और मार्गदर्शक खो दिया है।
मैं परमपिता परमेश्वर के श्रीचरणों में प्रार्थना करती हूँ कि वे पुण्यात्मा को अपने परमधाम में स्थान प्रदान करते हुए उनके समस्त अनुयायियों, शिष्यों और भक्तजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें। पूज्य स्वामी जी का तपस्वी जीवन और उनके दिव्य विचार सदैव हमारा पथ प्रशस्त करते रहेंगे।
अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि!

image